AC फर्स्ट क्लास में शराब के साथ युवती गिरफ्तार, वीडियो वायरल,खंगाला जा रहा नेटवर्क
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की नौकरी करने वाली 25 वर्षीय नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद शराब तस्करी का मामला चर्चा में है। समस्तीपुर स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कूपे से नेहा और उसके एक रिश्तेदार को करीब 75 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया कि RPF, GRP और CIB की टीम को वाराणसी से ट्रेन में शराब ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर समस्तीपुर में ट्रेन की जांच की गई। दो भारी ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पूछताछ में नेहा ने पुलिस को बताया कि शराब उसके जीजा ने हरियाणा से खरीदी थी और बिहार में होने वाली शादियों में इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इस खेप के पीछे सिर्फ दो लोग हैं या कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।
पुलिस के मुताबिक,पूछताछ के दौरान नेहा काफी आत्मविश्वास के साथ जवाब दे रही थी। उसकी गिरफ्तारी के दौरान मौजूद यात्रियों में भी इस बात को लेकर चर्चा रही कि देखने में सामान्य लगने वाली युवती इतनी बड़ी शराब की खेप के साथ पकड़ी गई।
नेहा के परिवार को लेकर भी कई बातें सामने आ रही हैं। बताया जाता है कि उसके पिता संजय झा और बड़ी बेटी पहले भी शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। हालांकि परिवार से जुड़ी अन्य चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस अब नेहा और उसके रिश्तेदार से पूछताछ के आधार पर शराब के स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है।
AC कूपे से बरामद शराब ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं खेप कहां से आई, कहां जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं..? पुलिस की जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
#apnagiridihnews #nehajha #शराब #बिहार #BiharNews #sharabkand