लहचौरा कलां में मीना राजू मंच पुनर्गठन पर एक दिवसीय गोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित
बयाना, 10 जुलाई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लहचोरा कलां में शुक्रवार को मीना राजू मंच के पुनर्गठन के अवसर पर एक दिवसीय गोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अंजू रावत ने की।
कार्यक्रम में मीना मंच प्रभारी श्रीमती पुष्पा देवी तथा प्रयत्न संस्था (कवच परियोजना) के पंचायत फैसिलिटेटर नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को मीना राजू मंच के उद्देश्य एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल अधिकारों के चारों प्रमुख अधिकारों, कवच परियोजना, गुड टच एवं बैड टच, बाल सुरक्षा तथा बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यशाला के दौरान राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे पालनहार योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं नैपकिन योजना की जानकारी भी दी गई। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, नियमित विद्यालय आने, अपनी बात खुलकर रखने, लिंग आधारित भेदभाव के प्रति सजग रहने, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाव के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर इस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक चयन के माध्यम से मीना राजू मंच का पुनर्गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रेरक, सह-प्रेरक सहित अन्य पदाधिकारियों का चयन कर मंच का गठन किया गया।
Weir, Bharatpur | Jul 10, 2026