*30 सितंबर तक सभी किसान करवाएं फार्म रजिस्ट्री*
भरमौर 23 सितंबर:
विषयवाद विशेषज्ञ, कृषि विभाग भरमौर जितेंद्र कुमार ने आग्रह किया है कि क्षेत्र के सभी किसान अपनी फार्म रजिस्ट्री (Farm Registry) 30 सितंबर तक करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि फार्म रजिस्ट्री किसानों की भूमि एवं व्यक्तिगत विवरण को डिजिटल रूप से दर्ज करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। फार्म रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का भूमि रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक विवरण डिजिटल रूप से दर्ज और अद्यतन किया जाता है, जो पीएम-किसान निधि सहित कृषि एवं बागवानी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि पीएम-किसान निधि के तहत पात्र किसानों को सरकार द्वारा प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों के भूमि रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक विवरणों का सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फार्म रजिस्ट्री समय रहते पूरी करवाएं, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि फार्म रजिस्ट्री करवाते समय अपनी भूमि एवं व्यक्तिगत विवरण सही-सही उपलब्ध करवाएं तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाएं। किसान अपनी फार्म रजिस्ट्री करवाने के लिए निकटतम लोक मित्र केंद्र में संपर्क कर सकते हैं। प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए किसान लोक मित्र केंद्र, कृषि कार्यालय, पंचायत प्रतिनिधि अथवा संबंधित विभागीय कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं।
जितेंद्र कुमार ने सभी किसानों से अपील की कि वे 30 सितंबर तक अपनी फार्म रजिस्ट्री अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में कृषि सहायता, अनुदान, बीमा, ऋण सुविधा, पीएम-किसान निधि तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आम जनता से भी आग्रह किया कि वे अपने आसपास के किसानों को फार्म रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर निकटतम लोक मित्र केंद्र पर जाकर फार्म रजिस्ट्री पूरी करवाने के लिए प्रेरित करें।