◆ जिले में 78.67 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान, मतदाताओं में दिखा उत्साह
◆ जिले की 4 पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
◆ 3.08 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में चौथे चरण में शामिल 4 पंचायत समितियों में शनिवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिले में इन पंचायत समितियों में जिला परिषद के लिए पंजीकृत कुल 3 लाख 93 हजार 176 मतदाताओं में से 3 लाख 8 हजार 749 मतदाताओं और 77 पंचायत समिति सदस्यों के लिए पंजीकृत 3 लाख 88 हजार 900 मतदाताओं में से 3 लाख 5 हजार 965 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 78.53 और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 78.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चौथे चरण में हनुमानगढ़ टाऊन, संगरिया, रावतसर और टिब्बी पंचायत समितियां शामिल रहीं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद के 13 वार्डों तथा पंचायत समितियों के कुल 77 सदस्य पदों के लिए 415 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया गया। मतदान के दौरान सभी क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
*संगरिया में सर्वाधिक 79.84 प्रतिशत मतदान*
पंचायत समिति वार मतदान के आंकड़ों के अनुसार संगरिया में 96 हजार 161 मतदाताओं में से 76 हजार 777 ने मतदान किया। यहां 79.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ टाऊन में 98 हजार 983 मतदाताओं में से 77 हजार 884 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 78.68 रहा।
इसी प्रकार रावतसर में 84 हजार 48 मतदाताओं में से 65 हजार 210 ने मतदान किया। यहां 77.59 प्रतिशत मतदान हुआ। टिब्बी में 1 लाख 9 हजार 708 मतदाताओं में से 86 हजार 94 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 78.48 रहा। दरअसल, टिब्बी पंचायत समिति के वार्ड संख्या 21 से एकमात्र अभ्यर्थी श्रीमती कर्मजीत कौर का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इसके चलते चारों पंचायत समितियों के 78 पदों में से 77 पदों के लिए मतदान हुआ।
*सरपंच और पंच पद के लिए 16 नवम्बर को मतदान*
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चौथे चरण में शामिल जिले की 4 पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1234 पंच पद के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए रविवार, 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी।
*जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण*
मतदान शुरू होने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने चाईया, थालड़का, गंधेली, नौरंगदेसर सहित विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
______
Hanumangarh, Hanumangarh | Nov 14, 2026