ग्वालियर में ई-रिक्शों पर साइबर अटैक का साया, चलते-चलते बंद हो रहे वाहन, पुलिस ने शुरू की हैकरों की तलाश...
ग्वालियर में अब ई-रिक्शा चालकों की परेशानी सिर्फ ट्रैफिक तक सीमित नहीं रही, बल्कि साइबर खतरा भी उनके सामने खड़ा हो गया है। शहर में लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि चलते-चलते ई-रिक्शे अचानक बंद हो जाते हैं। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की बजाय मोबाइल ऐप और ब्लूटूथ के जरिए बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) से छेड़छाड़ की आशंका जताई गई है। बड़ी संख्या में चालकों ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि कुछ लोग पास आकर या पीछे-पीछे चलते हुए वाहन के सिस्टम से कनेक्ट होकर उसे बीच रास्ते में बंद कर देते हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी और चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। पुलिस को संदेह है कि इसके पीछे परिवहन कारोबार की प्रतिस्पर्धा भी एक वजह हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम जांच में जुट गई है। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ साइबर अपराध और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।