औरंगाबाद डीएम ने बारुण प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेंह का किया निरीक्षण
औरंगाबाद जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा बारुण प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेंह का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय की उपस्थिति पंजी सहित अन्य पंजियों का बारीकी से अवलोकन किया गया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय के पठन-पाठन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कक्षा में चल रहे पठन-पाठन को देखा तथा विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में पठन-पाठन एवं साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर में स्थापित एस्ट्रोफिजिक्स लैब का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने लैब में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं उपकरणों का जायजा लिया तथा इसके उद्घाटन से संबंधित तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को एस्ट्रोफिजिक्स लैब के उद्घाटन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि एस्ट्रोफिजिक्स लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित विषयों को समझने और जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से जिले के अन्य विद्यालयों में भी एस्ट्रोफिजिक्स लैब की स्थापना की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।