रिपोर्ट—अनिल पुंडीर, NHP भारत NEWS | चरथावल
चरथावल, मुजफ्फरनगर। 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। मुजफ्फरनगर-शामली सीमा समेत विभिन्न पुलिस चौकियों और थाना क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई।
चरथावल थाना क्षेत्र की बिरालसी पुलिस चौकी पर थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और चौकी प्रभारी सतीश धामा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। बिरालसी से बलवाखेड़ी और रोनी हरजीपुर मार्ग पर भी व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के चालान किए गए और उन्हें हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की भी हिदायत दी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखें। इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
चेकिंग अभियान में थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया, चौकी प्रभारी सतीश धामा, दरोगा निखिल कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं, 15 अगस्त के मद्देनजर डायल-112 की टीमें भी अलर्ट मोड पर नजर आईं।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की सघन चेकिंग से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चोरी के वाहनों की बरामदगी में भी मदद मिलती है।
.
.
.
.
#Muzaffarnagar #Charthawal #Biralsi #MuzaffarnagarPolice #UPPolice
Fatehabad, Agra | Aug 15, 2026