मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में निर्धारित बिंदुओं को करें शामिल- कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
--
शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में निर्धारित बिंदुओं को समाहित किया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में जिला अधिकारी को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने विभिन्न विभागों के लंबित समय सीमा के पत्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने आमजन से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों के आयोजन के दौरान शासन द्वारा निर्धारित बिंदुओं को शामिल करते हुए आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शिविर के दौरान विभागीय व्यवस्थाओं का करें निरीक्षण
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के भ्रमण के दौरान अधिकारियों द्वारा विभागों से संबंधित संस्थाओं,कार्यालयों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान निर्धारित चेक लिस्ट अनुसार व्यवस्थाओं एवं सेवाओं का परीक्षण करते हुए कमियों को चिन्हित किया जाए तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जाए। अधिकारियों द्वारा निरीक्षण उपरांत चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए।
14 अगस्त को चंदेरी विकासखंड में होगा शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत 14 अगस्त 2026 को चंदेरी विकासखंड में आयोजित होने वाले शिविर की सभी तैयारियां के संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शिविर के दौरान उद्यम संवाद तथा अधिकारियों के द्वारा कार्यालय के निरीक्षण के संबंध में निर्देशित किया।
हर घर तिरंगा अभियान का हो सफल संचालन
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन के निर्देश अनुसार हर घर तिरंगा अभियान का संचालन जिले में सफलतापूर्वक संचालित किया जाए।अभियान के दौरान राष्ट्रीय गीत तथा राष्ट्रगान का गायन किया जाए। तिरंगा रैली, मानव श्रृंखला, चित्र प्रदर्शनी, सामूहिक गान, रंगोली प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां समय से हो पूर्ण
बैठक में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जाए। शासन के निर्देशानुसार शासकीय संस्थाओं,स्कूलों,कॉलेजों में ध्वजारोहरण किया जाए।
बैठक में स्कूली बच्चों की अपार आईडी बनाए जाने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। सीएम हेल्पलाइन,जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का अधिक से अधिक निराकरण कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में आगामी 15 से 20 अगस्त तक ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित एजेंडा के अनुसार किया जाए। शासन स्तर से प्राप्त होने वाले महत्वपूर्ण पत्रों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री से प्राप्त होने वाले पत्रों के निराकरण की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन एवं श्री विकास कुमार आनंद तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Aug 10, 2026