सबलगढ़ में 34.48 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भवन का लोकार्पण।
मुरैना। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को सबलगढ़ में 34 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है। सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से शासकीय विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण और नवाचार आधारित शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश में कुल 323 सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जबकि मुरैना जिले में 13 विद्यालय स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 8 का निर्माण पूरा हो चुका है और 5 निर्माणाधीन हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि नवीन विद्यालय भवन में स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, STEM लैब, पुस्तकालय, कला एवं संगीत कक्ष, व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, बहुउद्देशीय हॉल, भोजनशाला और चिकित्सा कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। परिसर में CCTV, PA सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग, चिल्ड्रन पार्क, स्ट्रीट लाइट और लैंडस्केपिंग की भी व्यवस्था की गई है।
सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों को उत्कृष्ट एवं प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। सबलगढ़ विधायक सरला रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से आधुनिक विद्यालय की मांग अब पूरी हो गई है।
कार्यक्रम में महापौर शारदा सोलंकी, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने पौधरोपण किया और गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के तहत शिक्षकों का सम्मान भी किया।