बिहार में विभिन्न नदियों के बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर आज दिनांक 04.09.2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित लोकसेवक आवास के संकल्प सभागार में आपदा प्रबंधन विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम के साथ समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से बैठक में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजनों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं की उपलब्धता, पशुओं के लिए चारा एवं राहत-बचाव कार्य की तैयारियों की समीक्षा की। माननीय मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने, राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने तथा प्रभावित लोगों तक समय पर आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी, रोहतास ने जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि नदी, सोन टीला एवं नदी किनारे वाले क्षेत्रों में नहीं जाएं, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल अधिकारियों को दें।
#IPRD
#DistrictAdministration
#BiharGovernment
#PublicService
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
15 views | Patna, Bihar | Sep 4, 2026