डीएलसीसी बैठक संपन्न: लक्ष्य से सवा गुना प्रकरण बैंकों को भेजें, दिसंबर तक शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता सुनिश्चित करें
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने विभिन्न बैंक शाखाओं एवं विभागों की योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य की तुलना में सवा गुना प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए जाएं, ताकि परीक्षण एवं स्वीकृति की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और दिसंबर 2026 तक सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में लीड बैंक अधिकारी श्री बीएस बघेल ने पिछली डीएलसीसी बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा विभिन्न योजनाओं की बैंकवार एवं विभागवार प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की मार्च 2026 तिमाही के बैंकिंग विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डीईएएफ (DEAF) फंड में जमा 10 वर्ष से अधिक समय से अपरिचालित शासकीय खातों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रगति, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की समीक्षा की गई।
बैठक में डेयरी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मत्स्य पालन ऋण एवं मत्स्य केसीसी प्रकरणों की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) की उपलब्धियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त पोर्टल पर दर्ज आरआरसी प्रकरणों, आरआरसी वसूली एवं कमीशन भुगतान की स्थिति, स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को डेयरी केसीसी उपलब्ध कराने के लिए संचालित पायलट प्रोजेक्ट की बैंक शाखावार समीक्षा भी की गई। बैठक में विदिशा शहर के खरीफाटक क्षेत्र में बैंक शाखाओं के सामने पार्किंग व्यवस्था के अभाव में उत्पन्न होने वाली यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा करते हुए समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई तथा संबंधित विभागों और बैंक अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, बैंकर्स समिति के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 14, 2026