.सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में 24 एजेंडों पर मंजूरी दी गई।
बैठक में कृषि को सबसे ज्यादा तवज्जो मिली है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत सूक्ष्म सिंचाई और अन्य घटकों के लिए 97.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही चतुर्थ कृषि रोडमैप के अंतर्गत कृषि यंत्र, किसान ड्रोन, कस्टम हायरिंग सेंटर और कृषि यंत्र बैंक के लिए 236.58 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। सभी 38 जिलों में वर्मी कम्पोस्ट, गोबर और बायोगैस तथा व्यवसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों के लिए भी 30.17 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर को वेतन और पेंशन मद में 158.62 करोड़ रुपये जारी करने का फैसला लिया गया है।
खेल के क्षेत्र में भी कई अहम निर्णय हुए। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अवसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सहयोग मिलेगा। 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना, खेल छात्रवृत्ति और 'मशाल' प्रतिभा पहचान कार्यक्रम को और मजबूत किया जाएगा।
जलापूर्ति को लेकर AMRUT 2.0 के तहत किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के लिए 53.71 करोड़ रुपये और लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के लिए 150.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा DGP और क्षेत्रीय IG तथा DIG की लघु निर्माण कार्यों से जुड़ी वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियों में भी वृद्धि की जाएगी।
Rajauli, Nawada | Jul 30, 2026