बेतिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 42 स्थित सनसरैया में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कराए जा रहे नाला निर्माण के दौरान अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया। मामले की जानकारी मिलने पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से बातचीत की। महापौर ने स्थानीय लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद निर्माण कार्य के लिए चिन्हित सरकारी जमीन की दोबारा पैमाइश कराने का आदेश संबंधित कर्मियों को दिया। महापौर ने कहा कि सरकारी जमीन की मापी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और नियमानुसार होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनर्मापी के बाद जमीन का स्पष्ट सीमांकन किया जाए, ताकि नाला निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और विकास कार्य निर्धारित रूप से आगे बढ़ सके। स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय महिलाओं ने पुराने नाले के जाम होने और उससे गंदे पानी के ओवरफ्लो की शिकायत भी महापौर से की। महिलाओं ने बताया कि नाले में कचरा और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित है। गंदा पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत पर महापौर ने तत्काल प्रभाव से पुराने नाले की तल से सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नए नाले का निर्माण पूरा होने तक पुराने जलनिकासी मार्ग को चालू और साफ रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। सफाई के दौरान नाले के तल में जमी गाद और कचरे को पूरी तरह हटाया जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके और स्थानीय लोगों को जलजमाव एवं गंदे पानी के ओवरफ्लो से राहत मिल सके।
#champaran24news #viralreelschallenge #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar