Ambala Media:"
डी.ए.वी. स्कूल में तीन दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान संपन्न
पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया जिम्मेदार मतदान का संदेश
अम्बाला सिटी, 10 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के Special Intensive Revision (SIR) of Electoral Rolls–2026 अभियान के तहत डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, जगाधरी गेट, अम्बाला सिटी में तीन दिवसीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ 7 जुलाई को विद्यालय की प्रार्थना सभा में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राधा रमण सूरी ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, प्रत्येक मत के मूल्य तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में नागरिकों की भूमिका के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार और समाज को भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एवं मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान के तहत 8 जुलाई को कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण तथा 9 जुलाई को कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह, रचनात्मकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए मतदान जागरूकता, लोकतंत्र की शक्ति और जिम्मेदार नागरिकता पर आकर्षक पोस्टर एवं प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए।
लगभग 500 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर "मजबूत लोकतंत्र की पहचान – जागरूक मतदाता और शत-प्रतिशत मतदान" का संदेश दिया। विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
संदेश:
"हर वोट की है अपनी पहचान,
जागरूक मतदाता – सशक्त हिंदुस्तान।"
Ambala, Ambala | Jul 11, 2026