घड़साना पुलिस की नशे के खिलाफ लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई, 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित दो आरोपी गिरफ्तार
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए घड़साना थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में एसएचओ आलोक सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस ने हाइवे पर नाकेबंदी के दौरान लगातार चौथे दिन चौथी बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ रामसिंह और हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
एसएचओ ने बताया कि नाकेबंदी के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में साइबर डेस्क के कांस्टेबल राजेश मीणा की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों सें इसके स्रोत नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि घड़साना थाना पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध यह लगातार चौथे दिन चौथी बड़ी कार्रवाई है। एसएचओ आलोक सिंह चारण के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
घड़साना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Anupgarh, Ganganagar | Aug 5, 2026