✅ सेवा मेरा योगदान: सेवा संकल्प अभियान के तहत हृदय रोग परीक्षण शिविर आयोजित
✅ 54 बच्चों की हुई विशेषज्ञ जांच, 11 बच्चे निःशुल्क हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित
सेवा मेरा योगदान-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) एवं आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के तहत जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र (डीईआईसी), हरदा में हृदय रोग परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के तीनों विकासखंडों से पहुंचे 54 बच्चों की बाल हृदय रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच की गई। जांच के बाद 11 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। इन बच्चों की आवश्यक सर्जरी शासन की योजना के तहत निःशुल्क कराई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में चार मोबाइल हेल्थ टीमें कार्यरत हैं। इनके द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों पर वर्ष में दो बार तथा स्कूलों में वर्ष में एक बार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। परीक्षण के दौरान चिन्हित बच्चों को विशेषज्ञ जांच एवं उपचार के लिए शिविर में लाया जाता है।
शिविर में बंसल हॉस्पिटल, भोपाल के बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतनु जैन द्वारा इकोकार्डियोग्राफी के माध्यम से बच्चों की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान हृदय संबंधी समस्या की स्थिति एवं आवश्यक उपचार का निर्धारण किया गया।
✅ 11 बच्चों की सर्जरी के लिए प्रक्रिया शुरू
डीईआईसी प्रभारी प्रबंधक श्री आशीष साकल्ले ने बताया कि शिविर में जांच किए गए 54 बच्चों में से 11 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। वहीं 27 बच्चे सामान्य पाए गए, 10 बच्चों को एक वर्ष बाद पुनः जांच के लिए बुलाया गया है तथा 6 बच्चों को अन्य आवश्यक जांचों के लिए चिन्हित किया गया है। सर्जरी के लिए चिन्हित सभी 11 बच्चों की आवश्यक फाइल एवं दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। आगामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बच्चों को शासन की योजना के अंतर्गत निःशुल्क हृदय सर्जरी के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा।
✅ सफल उपचार से स्वस्थ हुई तन्वी, परिजनों ने साझा किया अनुभव
शिविर में फॉलोअप के लिए आए बच्चों एवं उनके परिजनों से बीजेपी जिला अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा ने चर्चा कर उपचार की जानकारी ली तथा बच्चों को फूड पैकेट एवं बिस्किट वितरित किए। इस दौरान टिमरनी के वार्ड क्रमांक 02 निवासी श्री राहुल चौरसिया ने बताया कि उनकी बेटी तन्वी को जन्मजात हृदय रोग एवं तिल्ली संबंधी समस्या के कारण बार-बार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होती थीं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उसकी आवश्यक सर्जरी कराई गई। उपचार के बाद अब तन्वी स्वस्थ है तथा बार-बार बीमार होने की समस्या में भी काफी सुधार हुआ है।
✅ प्रारंभिक जांच के बाद हुई इको जांच
शिविर में इको जांच से पूर्व सभी बच्चों का पंजीयन एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच डॉ. पी.एन. छलौत्रे, डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. आशुतोष करोड़े, डॉ. विजयश्री मीणा, डॉ. मनीराम उईके एवं डॉ. अस्पाक खान द्वारा की गई।
डीईआईसी ऑडियोलॉजिस्ट श्री नीरज मालवीय ने बताया कि सर्जरी के लिए चिन्हित 11 बच्चों की फाइल तैयार कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। बच्चों को शीघ्र ही निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी के लिए संबंधित उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा। शिविर के आयोजन में डॉ. गंभीर पटेल, डॉ. राजेश सतीजा, डॉ. ब्रजेश रघुवंशी, जन अभियान परिषद के श्री संदीप गोहर, रेडक्रॉस सोसायटी के श्री राजेश पाटनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग रहा। अनुस्का फाउंडेशन के श्री विकास राजपूत तथा आरकेएसके काउंसलर श्रीमती पारूल काशिव एवं श्री गणेश सराठे ने शिविर के आयोजन एवं प्रबंधन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रकार के शिविरों से बच्चों में हृदय रोग की समय पर पहचान, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है। शासन की योजनाओं के माध्यम से चिन्हित बच्चों को निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर लौटाने का प्रयास किया जा रहा है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#SevaMeraYogdan
#Harda #हरदा