ग्रामीण सेवा शिविर-2026 : एक ही दिन में 524 से अधिक ग्रामीणों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ
उन्हेल नागेश्वर, 03 जुलाई।राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत ग्राम पंचायत कुमठिया एवं चाडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए 524 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर में उपखण्ड अधिकारी श्री ओमप्रकाश चंदेलिया, तहसीलदार श्री गणेश खंगार, ग्राम पंचायत कुमठिया के प्रशासक केसर सिंह, ग्राम पंचायत चाडा की प्रशासक अमृत कुँवर सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागवार कार्यों की समीक्षा कर आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत स्तर पर जनाधार सेवाओं के अंतर्गत 41जनाधार संशोधन, 29 नए सदस्यों का नामांकन, 1 विवाह प्रमाण-पत्र, 12 आवासीय पट्टा तथा 18 पेंशन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
राजस्व विभाग ने शिविर में उल्लेखनीय कार्य करते हुए ग्राम खाखरी स्थित आराजी खाता संख्या 182 के खसरा संख्या 28, 29, 30, 31 एवं 32 (कुल 5 किता, रकबा 1.9603 हेक्टेयर) का सहखातेदारों की आपसी सहमति से सफलतापूर्वक विभाजन कराया। विभाग ने सीमांकन एवं विभाजन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं आपसी सहमति के आधार पर संपन्न कराई, जिससे वर्षों पुराना विवाद सौहार्दपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। लाभार्थियों ने राजस्व विभाग की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यप्रणाली की सराहना की। इसके अतिरिक्त 03 सहमति खाता विभाजन, 102 खाता दुरुस्ती, 48 नामांतरण तथा 19 रास्ता प्रकरणों का समझाइश कर निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
पशुपालन विभाग ने 24 मंगला पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया, जबकि कृषि विभाग ने किसानों की भूमि की उर्वरता जांच के लिए 47 सॉयल हेल्थ कार्ड हेतु मिट्टी के नमूने एकत्रित किए। वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 15 पौधों का वितरण किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली। ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर इसी उद्देश्य की सार्थकता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
Ratlam, Ratlam | Jul 4, 2026