अजमेर में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार!
अजमेर में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने और ठगी की रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े दो आरोपियों मुकेश बैरवा और मनोज बैरवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर पोर्टल 1930 पर पिछले तीन दिनों में कुल 3 अलग-अलग शिकायतें दर्ज मिली हैं। इन शिकायतों में करीब 15 लाख 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठग गिरोह से जुड़े हुए थे। साइबर ठग गांव के भोले-भाले लोगों को चंद पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगवाने और आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी मुकेश बैरवा और मनोज बैरवा, दोनों तिलोनिया क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आमजन के लिए पुलिस की अपील अजमेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को किराये या लालच में न दें। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति को बैंक या मोबाइल से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 11, 2026