प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक 13 जून 2026
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को दिया गया आवश्यक मार्गदर्शन
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अंतर्गत मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) के अंतर्गत कक्षपाल तथा परिवहन विभाग के अंतर्गत चलंत दस्ता सिपाही पदों पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 जून 2026 (रविवार) एवं 17 जून 2026 (बुधवार) को दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा के स्वच्छ, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के चार परीक्षा केन्द्रों पर स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल दण्डाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त सभी स्टैटिक दण्डाधिकारियों, जोनल दण्डाधिकारियों, उड़नदस्ता दण्डाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा-सह-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बिना वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्रों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
परीक्षा के दौरान वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाएगी तथा प्रत्येक पाली में परीक्षा कक्षों का आवंटन रैंडम प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा कार्य में संलग्न सभी कर्मियों के लिए सत्यापित फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति के परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा तिथि से पूर्व प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं कर्मियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों से भली-भांति अवगत कराया जाए तथा परीक्षा के दौरान निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें, अपने साथ प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य रखें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
Arwal, Bihar | Jun 13, 2026