‘‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना‘‘ के तहत रसोईया सह सहायक का होगा ईकेवायसी सत्यापन
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसेफ की अध्यक्षता मे बुधवार को पीएम पोषण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में भोजन की गुणवत्ता, शालाओं के सुचारू क्रियान्वयन तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कढ़े निर्देश दिये गए। विकासखंड हरदा में माह जून 2026 में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम होने के कारण नाराजगी व्यक्त की गई एवं उपस्थिति बढ़ाने हेतु सख्त निर्देश दिये गए। बैठक में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीएम पोषण कार्य से संलग्न सभी रसोईयों का शत्-प्रतिशत ईकेवायसी का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। साथ ही कार्यक्रम की गतिविधियों में पारदर्शिता लाने के लिए डीपीसी, बीआरसी, बीएसी एवं जनशिक्षक को ऑनलाईन निरीक्षण के निर्देश दिये गए। मां की बगिया का निर्माण तथा रखरखाव किये जाने एवं लोकोस पोर्टल पर स्व-सहायता समूह का रजिस्ट्रªेशन शत-प्रतिशत किये जाने हेतु कहा गया। बैठक में निर्देशित किया गया कि शाला में दर्ज सभी विद्यार्थियों का एवं पीएम पोषण कार्य से संलग्न रसेाईयों का प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण किया जावे तथा इसकी विकासखंडवार जानकारी प्रस्तुत की जावे । आगामी बैठक में स्वास्थ्य परीक्षण की अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये गए। स्वच्छता की दृष्टि से पीने के पानी टंकी की नियमित सफाई कराने के भी निर्देश दिये गये।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसेफ द्वारा निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य पोषण एवं शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जायेगा। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, विकासखंड अकादमिक समन्वयक, जिला खाद्य अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, क्वालिटी मॉनिटर जिला पंचायत हरदा उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #हरदा
24 views | Harda, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026