#नालंदा - वेना में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3077 लीटर विदेशी शराब बरामद
दो मिनी ट्रक और XUV कार जब्त, पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर अंधेरे में फरार हुए तस्कर
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3077 लीटर 250 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब की यह बड़ी खेप दो मिनी ट्रक और एक XUV कार में जुट के बोरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही चालक और वाहन में सवार अन्य लोग वाहनों की चाबी मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार शराब तस्करों की पहचान में जुटी है।
इस संबंध में सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने वेना थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे मद्य निषेध कोषांग, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बेना थाना पुलिस को शराब की बड़ी खेप के संबंध में जानकारी मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बेना रेलवे स्टेशन यार्ड से करीब 100 मीटर पूर्व छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दो मिनी ट्रक और एक XUV कार खड़ी मिली। पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वाहनों में मौजूद चालक और अन्य लोग पुलिस को देखते ही अपनी-अपनी गाड़ियों की चाबी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों वाहनों की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान मिनी ट्रकों में जूट के बोरों के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 3077 लीटर 250 मिलीलीटर है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।
विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर शामिल है। बरामदगी में—
रॉयल स्टॉक 375 एमएल – 12 कार्टून, कुल 288 बोतल
रॉयल स्टॉक 750 एमएल – 30 कार्टून, कुल 360 बोतल
इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल – 98 कार्टून, कुल 1176 बोतल
किंगफिशर बीयर 500 एमएल – 120 कार्टून, कुल 2880 बोतल
बडवाइजर बीयर 500 एमएल – 30 कार्टून, कुल 720 बोतल
इम्पीरियल ब्लू – 2 कार्टून, कुल 23 बोतल
पुलिस ने बताया कि सभी शराब को जब्त कर लिया गया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 3077 लीटर 250 मिलीलीटर बताई गई है।
वाहनों के नंबर प्लेट से तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
बेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि इस मामले में बेना थाना कांड संख्या 449/26 दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए दोनों मिनी ट्रकों और XUV कार के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिकों एवं शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब कहां से लाई गई थी और इसे नालंदा में कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
रात में हुई कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप
रात करीब पौने 12 बजे हुई इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचते ही मौके से आरोपियों के फरार हो जाने के बावजूद पुलिस ने तीनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर शराब की बड़ी खेप बरामद कर ली। पुलिस अब फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जांच कर रही है।
सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में पु०अ०नि सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, पु०अ०नि सह अपर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, स०अ०नि मनोज यादव, स०अ०नि राकेश रंजन, सि० कांचन मिश्र, सि० विनोद पासवान, सि० अमित कुमार, सि० देवराज साह तथा BHG बुटू कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अब पुलिस की नजर फरार तस्करों की गिरफ्तारी और शराब की इस बड़ी खेप के स्रोत एवं गंतव्य का पता लगाने पर है।
Rahui, Nalanda | Sep 5, 2026