27/6/26 गाजीपुर में गंगा नदी में नहाते समय एक किशोर डूब गया। बिरनो थाना क्षेत्र के पलिया गांव से दाह संस्कार में शामिल होने आए 15 वर्षीय पीयूष की तलाश जारी है। यह घटना सदर कोतवाली स्थित पोस्ताघाट पर हुई।
जानकारी के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के पलिया गांव से एक महिला का शव लेकर लोग गाजीपुर सदर कोतवाली स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए आए थे। अंतिम संस्कार के बाद, गांव के कुछ लड़के पास के पोस्ताघाट पर नहाने चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय चार लड़के गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से तीन लड़कों को बचा लिया गया, लेकिन पीयूष गंगा की लहरों में लापता हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुट गई है। परिजन भी स्थानीय गोताखोरों के साथ पीयूष की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक गंगा में नहाते समय एक लड़के के डूबने की सूचना मिली है और उसकी तलाश की जा रही है