*औषधि निरीक्षक द्वारा देवेन्द्रनगर में की गई जांच कार्यवाही*
----------------
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देशन में गठित तीन सदस्यीय जांच दल द्वारा देवेन्द्रनगर में संचालित मेसर्स देवनाथ फार्मा की जांच की गई। यहां अधिक मात्रा में लगभग 2 लाख 39 हजार कोडीन कफ सिरप के क्रय-विक्रय की जानकारी प्राप्त होने पर कार्रवाई की गई। पूछताछ के समय प्रोपराइटर द्वारा कफ सिरप का खरीदा जाना स्वीकार किया गया, लेकिन बिक्री का रिकॉर्ड देने में असमर्थ रहे। मौके पर देवनाथ फार्मा लाइसेंस में दर्ज पते से बिरवाही रोड, गल्ला मंडी के पास के स्थान पर मड़ैयन पंचायत रेलवे पुल के आगे देवेन्द्रनगर में संचालित पाए जाने की वजह से दल द्वारा गत 3 जुलाई से जप्ती की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान मकान मालिक एवं दुकान मालिक परिवार सहित फरार हो जाने की वजह से उक्त मकान को तहसीलदार के समक्ष 5 जुलाई को जांच दल द्वारा सील कर दिया गया था।
फर्म के प्रोपराइटर द्वारा कार्यालय में दिए गए आवेदन के तारतम्य में जांच दल द्वारा 10 सितम्बर को सील मकान एवं दुकान को खोलकर आगे की कार्यवाही शुरू की गई। कार्यवाही के दौरान लगभग एक करोड़, 30 लाख रूपए मूल्य से अधिक की दवाइयां जप्त की गईं। इसमें 201 कार्टून एलोपैथिक दवाइयां, 13 कार्टून मेडिकल डिवाइस, दो कार्टून एवं तीन बोरियां एक्सपायर मेडिसिन के थे। उक्त कार्यवाही 10 से 13 सितम्बर तक औषधि निरीक्षक पन्ना, छतरपुर एवं सतना के द्वारा पुलिस बल के सहयोग से संपादित की गई।
Panna, Panna | Sep 17, 2026