जांजगीर चांपा में पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया ने बिजली दर वृद्धि :- भाजपा सरकार पर हमला,आरोप की जनता पर थोप रही महंगाई।
जांजगीर-चांपा। प्रदेश में बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार बिजली महंगी होती जा रही है, जबकि आम जनता पहले से ही बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान है।
हाल ही में सरकार ने 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) के रूप में भी अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर डाला है। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों में मात्र 2 पैसे की वृद्धि की गई थी और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी।
वही स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाए गए। पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं की बिजली खपत वास्तविक उपयोग से अधिक दर्ज की जा रही है, जिसके कारण बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जून माह में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से दो से तीन गुना अधिक आए हैं।
कांग्रेस का यह भी आरोप है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके अनुबंध भार (लोड) में वृद्धि की जा रही है और बाद में अधिक खपत का हवाला देकर अतिरिक्त शुल्क एवं अर्थदंड जोड़े जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।
प्रदेशभर में अघोषित बिजली कटौती भी जारी है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जबकि छात्रों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि बिजली दर वृद्धि का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए तथा किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी।
वही खाद, डीजल, पेट्रोल और बिजली लगातार महंगी हो रही है, जबकि रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा सरकार आम जनता और किसानों को राहत देने के बजाय उनके खर्च बढ़ाने का काम कर रही है।