➡️ मां तुझे प्रणाम योजना के लिए युवाओं की चयन प्रक्रिया हुई संपन्न
मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत युवाओं में राष्ट्र की सीमाओं के प्रति आदर भाव विकसित करने तथा भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा एवं सैन्य गतिविधियों और दिनचर्या से अवगत कराने के उद्देश्य से युवाओं का चयन किया गया। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिले के विकासखंडों एवं जिला मुख्यालय से खेल, एनसीसी, एनएसएस तथा मेधावी विद्यार्थियों से 22 सितंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
प्राप्त आवेदन पत्रों के परीक्षण एवं चयन के लिए 28 सितंबर 2026 को संचालनालय भोपाल द्वारा गठित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से डिप्टी कलेक्टर सुश्री मोना दांगी, पुलिस विभाग से डीएसपी श्री नवीन जैन, शिक्षा विभाग से श्री संजय दादर, एनसीसी अधिकारी श्री जय नारायण यादव, चिन्हित महाविद्यालय से डॉ. दयाराम राजपूत, एनएसएस से श्री आर.सी. प्रजापति, स्काउट से श्री चन्द्रभान सिंह, संभागीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डावर सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
चयन समिति के सदस्यों को खेल विभाग द्वारा प्राप्त समस्त आवेदन पत्रों की विधिवार जानकारी दी गई। समिति के सदस्यों द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण कर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई। चयन प्रक्रिया के उपरांत चयन सूची संचालनालय भोपाल को प्रेषित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को खेल और युवा कल्याण विभाग भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार अनुभव यात्रा पर भेजा जाएगा।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026