जिला चिकित्सालय श्योपुर में दस्तक अभियान का शुभारंभ
14 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित होगा अभियान
-----
जिला चिकित्सालय श्योपुर परिसर में आज बच्चों को एनीमिया और मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 14 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित दस्तक अभियान का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, सिविल सर्जन डॉ एसएन बिंदल, टीकाकरण अधिकारी डॉ मुकेश मीणा आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर 5 वर्ष से छोटे बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग ने कहा कि शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को स्वस्थ रखने और कुपोषण मुक्त समाज बनाने में दस्तक अभियान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई ने कहा कि अभियान के तहत बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जायेगी, गंभीर एनीमिया, निमोनिया और दस्त रोग से पीड़ित बच्चों की घर-घर जाकर चिन्हित कर उपचार प्रदान किया जायेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने कहा कि अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए घर-घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा बच्चों को विटामिन-ए की खुराक अवश्य पिलायें।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसोदिया ने कहा कि 45 दिन चलने वाले इस अभियान के तहत ओआरएस के पैकेट, जिंक की गोलियां और आवश्यकतानुसार आयरन सिरप का निशुल्क वितरण किया जायेगा। अभियान में सभी का सहयोग आवश्यक है।
सीएचसी विजयपुर में भी हुआ कार्यक्रम
दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के शुभारंभ अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केेन्द्र विजयपुर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजयपुर श्री शुभम मुदगल, श्री कैलाश सिरोठिया, श्री दिनेश शर्मा आदि उपस्थित रहें। इस अवसर पर बीएमओ डॉ राघवेन्द्र कर्ण द्वारा अभियान के संबंध में संचालित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई तथा बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत की गई।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 14, 2026