बंगाली पौराणिक परंपरा के अनुसार सुजापुर में हुआ कौड़ी लुटाने का आयोजन, डेढ़ सौ साल पुरानी है परंपरा
भागलपुर के नाथनगर स्थित सुजापुर दुर्गा स्थान में बंगाली पौराणिक परंपरा के अनुसार मां दुर्गा के आगमन से पहले कौड़ी लुटाने की परंपरा निभाई गई। यह आयोजन सुजापुर दुर्गा मंदिर के मेंड़पति राजेश मोहन घोष के द्वारा कराया गया।
बताया जाता है कि सुजापुर दुर्गा स्थान में यह परंपरा करीब डेढ़ सौ वर्षों से चली आ रही है। मान्यता है कि मां दुर्गा के आगमन से पहले कौड़ी लुटाना बेहद शुभ माना जाता है। हर वर्ष दुर्गा पूजा से पहले इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है, जिसमें गांव के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
वहीं, नाथनगर पूजा समिति के अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा का आयोजन शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ किया जाएगा। घोसी टोला चौक के पास पूजा समिति की ओर से कैंप लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइट, माइक और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।