वर्दी पहनकर परिवार का नाम रोशन करने निकला था बेटा, अब पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहा पूरा गांव
वजीरगंज। जिस घर में कुछ समय पहले बेटे के बिहार पुलिस में चयन की खुशी थी, उसी घर में अब चीख-पुकार मची है. जिस बेटे से माता-पिता को उम्मीद थी कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर परिवार का नाम रोशन करेगा, उसकी महज 24 वर्ष की उम्र में मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवा गांव का है. मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र सिपाही रजनीश कुमार के रूप में हुई है. रजनीश बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर चयनित होने के बाद प्रशिक्षण ले रहे थे. प्रशिक्षण के सिलसिले में वह बक्सर के डुमरांव पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि रविवार को प्रशिक्षण के दौरान वह तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गये. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
तीन भाइयों में सबसे छोटे थे रजनीश
रजनीश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनके पिता छोटे दुकानदार हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बतायी जाती है. ऐसे में बेटे का बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर चयन परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि थी. परिवार को उम्मीद थी कि रजनीश पुलिस की वर्दी पहनकर न सिर्फ परिवार की जिम्मेदारियां संभालेंगे, बल्कि माता-पिता का नाम भी रोशन करेंगे. लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार के सारे सपनों को तोड़ दिया.
गांव में पसरा मातम, पार्थिव शरीर का इंतजार
रजनीश की मौत की खबर जैसे ही कारीसोवा गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीण और परिचित रजनीश के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.
फिलहाल रजनीश की मौत को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
एक छोटे दुकानदार का सबसे छोटा बेटा पुलिस की वर्दी पहनकर नई जिंदगी शुरू करने निकला था, लेकिन महज 24 साल की उम्र में जिंदगी का सफर खत्म हो गया. परिवार जिस वर्दी को बेटे के सपनों की पहचान मान रहा था, आज वही परिवार बेटे के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहा है.
Fatehpur, Gaya | Sep 7, 2026