*सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी ग्राम पंचायतों में मनाया गया 'पंचायत विकास दिवस'*
सारण छपरा।
सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति के उद्देश्य से राज्य सरकार के निदेशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले 'पंचायत विकास दिवस' के अंतर्गत आज जिले के सभी प्रखंडों की सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा पंचायत स्तरीय कर्मियों को उनके मूल ग्राम पंचायतों में प्रतिनियुक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि वे ग्रामीण समुदाय की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें। ग्राम सभाओं के माध्यम से वर्ष 2030 तक के लिए सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के तहत फिलहाल वर्ष 2026-27 के लिए ग्रामीणों के सुझाव एवं विचार सहित योजनाओं पर अनुमोदन प्राप्त किए गए, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में माननीय प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक लाइव प्रसारण भी किया गया। इस प्रसारण को जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना।
उल्लेखनीय है कि सुशासनयुक्त ग्राम पंचायत के लक्ष्य के अंतर्गत निर्धारित 17 संकेतकों के आधार पर ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी से पंचायत के विकास की प्राथमिकताएँ तय की जाती हैं। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों को एक पारदर्शी, जवाबदेह, सहभागी एवं समावेशी स्थानीय स्वशासन संस्था के रूप में विकसित करना है, जहाँ प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएँ, सरकारी योजनाओं का समयबद्ध एवं न्यायसंगत लाभ, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ तथा सतत आजीविका के अवसर उपलब्ध हो सकें।
'पंचायत विकास दिवस' का मूल उद्देश्य पंचायत प्रशासन में जनभागीदारी को सुदृढ़ करना, सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना, तकनीक आधारित सेवा वितरण को प्रोत्साहित करना तथा प्रभावी स्थानीय संस्थागत व्यवस्था के माध्यम से आत्मनिर्भर, समृद्ध, न्यायपूर्ण एवं सतत विकासशील ग्राम समुदाय का निर्माण करना है। इसके माध्यम से ग्राम पंचायतों को सतत विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप सशक्त एवं सक्षम बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
Saharsa, Bihar | Jul 26, 2026