# पेंशनर्स का छह दिवसीय धरना चौथे दिन भी जारी, 37 पदाधिकारियों व सदस्यों ने लिया हिस्सा
**कारपोरेशन के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन देने की उठाई मांग, मुख्यमंत्री से बातचीत कर समस्या का समाधान करने का आग्रह**
**शिमला, 15 नवंबर।** हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला शिमला की ओर से अपनी मांगों को लेकर चलाए जा रहे छह दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन के चौथे दिन भी पेंशनर्स का आंदोलन जारी रहा। रविवार को जिलाधीश कार्यालय के बाहर सिटी चौक पर सुबह 11 बजे धरना शुरू हुआ। इसकी अध्यक्षता जिला शिमला संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक मोहन ठाकुर ने की।
धरना-प्रदर्शन में प्रतिदिन की तरह 11 पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सांकेतिक रूप से भाग लिया। इनमें देवी लाल ठाकुर, उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति एवं अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश कॉर्पोरेट सेक्टर कोऑर्डिनेशन कमेटी, ओपी चौहान, सह-संयोजक एचपी विश्वविद्यालय शिमला, नरेंद्र चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एचपी कॉर्पोरेट सेक्टर, राजेंद्र पाल सूद (शहरी स्थानीय निकाय), ओपी सूद (फॉरेस्ट कॉर्पोरेशन), डीआर सूद (एचपीएसआईडीसी), जीआर बंसल (एचपी कॉर्पोरेट सेक्टर), मोहन दास, अध्यक्ष थियोग ब्लॉक, योगराज शर्मा, महासचिव टूटू ब्लॉक, ऋतुराज गर्ग, कुंदन लाल वर्मा और दिला राम (एचपीजीआईसी) शामिल रहे।
समिति के प्रेस सचिव लायक राम शर्मा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 20 कॉरपोरेशन अस्तित्व में हैं, जिनमें करीब 6,730 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें लगभग 750 पेंशनर्स हैं, जबकि करीब 800 कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। इसके अतिरिक्त लगभग 1,500 पेंशनर्स का समायोजन दूसरे विभागों में हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कॉरपोरेशन के कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आज भी पेंशन नहीं मिल रही है। वर्ष 2004 के बाद कॉरपोरेशन से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। समिति ने सरकार से ऐसे कर्मचारियों की पेंशन बहाल करने की मांग उठाई है।
समिति का कहना है कि प्रदेश के 11 कॉरपोरेशन ऐसे हैं, जो अपने उत्पाद तैयार करते हैं। सरकार को इन कॉरपोरेशन के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी पेंशन सुविधा प्रदान करनी चाहिए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि वे पेंशनर्स के मुद्दे पर अड़ियल रवैया छोड़कर उनके साथ बातचीत करें और उनकी समस्याओं का समाधान निकालें।
इस मौके पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्ता, जिला संयोजक मोहन ठाकुर और प्रेम प्रकाश खत्री सहित कुल 37 पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
**जारीकर्ता: लायक राम शर्मा, प्रेस सचिव, हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति।**
Shimla Urban, Shimla | Nov 15, 2026