मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का चंबा में भव्य स्वागत, मिंजर मेले की दी शुभकामनाएं; जयराम ठाकुर पर साधा निशाना
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा | 01 अगस्त 2026
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के शुभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को चंबा पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों और विशेष रूप से चंबा जिला के लोगों को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले वर्ष जनजातीय क्षेत्र भरमौर में आई प्राकृतिक आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में राज्य सरकार ने पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया। उन्होंने बताया कि लगभग 14 दिनों तक फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनके रहने, खाने सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर अपनी लगभग 50 करोड़ रुपये की संपत्ति के बारे में जनता को बताएं कि वह किस प्रकार अर्जित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी की संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई पाई जाती है, तो सरकार कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि अवैध संपत्ति से धन की वसूली होती है तो उसका उपयोग गरीबों, बेसहारा लोगों तथा जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए किया जाएगा। उन्होंने पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#PangiLiveNews #Chamba #MinjarMela2026 #SukhvinderSinghSukhu #HimachalPradesh #CMVisit #PressConference #Bharmour #Congress #JairamThakur #HimachalNews #ChambaNews #BreakingNews
Chamba, Chamba | Aug 1, 2026