◆ पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित
◆ निर्वाचन कार्य समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं आयोग के निर्देशानुसार पूर्ण करने के निर्देश
हनुमानगढ़, 6 अगस्त। आगामी पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ श्री मांगीलाल सुथार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद हनुमानगढ़ निर्वाचन क्षेत्र तथा पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन एवं टाउन से संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों, सह-प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। रिटर्निंग अधिकारी श्री मांगीलाल सुथार ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किए जाएं। साथ ही निर्वाचक नामावली के अद्यतन कार्य में विशेष सतर्कता बरतने, विशेष अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं के आवेदन समय पर प्राप्त करने तथा उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फील्ड स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग बनाए रखते हुए सभी प्रकोष्ठों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी समस्त व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें। बैठक में निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारी, प्रकोष्ठ प्रभारी, सह-प्रभारी, पर्यवेक्षक एवं चुनाव शाखा के कार्मिक उपस्थित रहे।
___