डा. कृष्ण कुमार ने पहले स्वच्छता अभियान और पौधारोपण किया, फिर सुनी जन समस्याएं
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
बावल विधायक डा. कृष्ण कुमार ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को बावल के छोटूराम चौक से लेकर नगर पालिका कार्यालय तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ विधायक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विधायक डा. कृष्ण कुमार ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और मातृ शक्ति के सम्मान का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ वायु, छाया और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
विधायक ने पौधारोपण कार्यक्रम के बाद हरचंदपुर और बावल में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके उपरांत डॉ. कृष्ण कुमार ने एसडीएम कार्यालय एवं सरकारी अस्पताल बावल परिसर में भी पौधारोपण किया। अस्पताल निरीक्षण के दौरान उन्होंने जच्चा-बच्चा को उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
लघु सचिवालय परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इस दौरान केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न विभागों द्वारा लघु सचिवालय परिसर में लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित कर नागरिकों को सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। वहीं जन कल्याण शिविर में शामिल होकर आमजन की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते पात्र लोगों को जोड़ने के निर्देश भी दिए। वहीं लोगों को भी इन शिविरों को लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार और गुरुवार को भी विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर डीएसपी सुरेंद्र श्योराण, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर, रमेश लोर झाबुआ, नगर पालिका सचिव कुलदीप चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Rewari, Rewari | Jun 16, 2026