दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले एसपी, जवानों के बीच मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह
सुपौल। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की मुस्तैदी का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
एसपी ने ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके बीच मिठाइयां वितरित कीं और जवानों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं विपरीत परिस्थितियों में भी तत्परता से दायित्व निभाने की सराहना की।
एसपी ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आमलोगों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुपौल पुलिस द्वारा पूरे जिले में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सतत निगरानी एवं अनुश्रवण के माध्यम से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
Supaul, Supaul | Nov 9, 2026