# बहादुर यादव महाविद्यालय में रंगोली एवं दीप सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
**#भटनी, देवरिया।** बहादुर यादव महाविद्यालय (कॉलेज कोड 910), नगर पंचायत भटनी, देवरिया में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में दीपावली पर्व के अवसर पर शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 को रंगोली एवं दीप बनाओ-दीप सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा NSS के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत भटनी के चेयरमैन विजय गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में केनरा बैंक, भटनी के शाखा प्रबंधक संदीप सिंह उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं, महाविद्यालय की निदेशक ममता यादव ने भी महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि विजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली पर घरों में रंग-बिरंगी रंगोली बनाने की परंपरा भारतीय सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह परंपरा भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में दीप जलाकर उत्सव मनाने की परंपरा से जुड़ी हुई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और खुशियों का पर्व है। इस अवसर पर दीप जलाकर अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश दिया जाता है।
उप प्राचार्य डॉ. आर.एम. यादव ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का सुंदर प्रतीक है। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा घर-परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि का वातावरण बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं और विभिन्न कलात्मक तरीकों से दीपों को सजाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, कलात्मक अभिरुचि, रचनात्मकता एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनूप कुमार, डॉ. कंचन मिश्रा, तारा ठाकुर, अली सरवर, पूजा चौहान, दिव्यानी मल्लिक, प्रतिभा पटेल, सीमा यादव, राजीव शर्मा, दिवाकर यादव, साकेत पटेल, कविलाष आर्य, मृत्युंजय तिवारी, दुर्गेश यादव, राहुल यादव, संदीप यादव सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साह एवं हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।