प्रेम प्रसंग के विरोध में प्रेमिका ने मां-बेटी को मारी गोली, चार गिरफ्तार
रात करीब 11 बजे घर में घुसकर हुई वारदात, मुख्य आरोपी समेत चार पुलिस के हत्थे चढ़े
--------------------------------
शिवहर: श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के लालगढ़ योगिया गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर मां-बेटी को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना में एक नाबालिग बालिका और उसकी मां गोली लगने से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है। पीड़िता के बयान के मुताबिक, वह अपनी मां और बड़ी बहन के साथ एक ही कमरे में सोई हुई थी। इसी दौरान कुछ लोग घर में घुसे और गोलीबारी कर दी। घटना में बालिका और उसकी मां घायल हो गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और DIU की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर 6 नामजद और 5-6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ श्यामपुर भटहां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान घटना का मुख्य कारण पीड़िता का प्रिंस कुमार के साथ प्रेम प्रसंग सामने आया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. प्रिंस कुमार, पिता- पप्पू सिंह
2. सुधीर सिंह, पिता- उमेश सिंह
3. पप्पू सिंह, पिता- उमेश सिंह
4. अविनाश सिंह उर्फ टकला, पिता- भूषण सिंह
सभी आरोपी लालगढ़ योगिया, थाना श्यामपुर भटहां, जिला शिवहर के रहने वाले बताए गए हैं।
Sheohar Police Bihar Police District Administration Sheohar True Crime News