मऊ में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मेधावी बच्चों का सम्मान, नवनियुक्त कर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र |
मऊ नगर पालिका परिषद के कम्युनिटी हॉल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मेधावी बच्चों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया, जबकि नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।
मऊ के नगर पालिका परिषद कम्युनिटी हॉल में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ जिला पंचायत के प्रशासक मनोज कुमार राय और मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पोषण, बाल विकास और महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। सैम श्रेणी से सुधारित बच्चों की माताओं को भी सम्मान मिला। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र और साड़ी वितरित की गई।
नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के समग्र विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय से पोषाहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ अभिभावकों को पोषक सामग्री के सही उपयोग और सेवन की जानकारी भी दी जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंच सके।
सीडीओ ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अब एक अतिरिक्त साड़ी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा कैशलेस सुविधा, स्मार्टफोन उपलब्ध कराने और मानदेय व वेतन में वृद्धि की दिशा में भी प्रदेश सरकार काम कर रही है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया और बच्चों को दी जाने वाली पोषक सामग्रियों की जानकारी ली। वहीं विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं, लाभार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे