Follow.. कोटा-रुठियाई रेलखंड स्थित मोतीपुरा स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बची मालगाड़ी, पॉइंट सेट किए बिना दिखाई हरी झंडी, कर्मचारी की सतर्कता से टला हादसा
कोटा। कोटा-रुठियाई रेलखंड स्थित मोतीपुरा स्टेशन के पास शुक्रवार रात एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। मालगाड़ी को बिना पॉइंट सेट किए ही चलाने का प्रयास किया गया। लेकिन रेल कर्मचारी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बाद में पॉइंट सेट कर मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया। सूचना पर कोटा मंडल अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी ली जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला रात करीब 8 बजे का है। कोयला खाली कर एक मालगाड़ी पावर प्लांट से बाहर निकल रही थी। यहां पावर प्लांट कर्मचारियों द्वारा पॉइंट सेट किए बिना ही मालगाड़ी को स्टेशन में लाइन पर भेजने का प्रयास किया जा रहा था।
तभी अचानक एक पॉइंट्स मैन की नजर इस खुले हुए पॉइंट पर पड़ी। पॉइंट्स मैन ने लोको पायलट और गार्ड को तुरंत सूचना देकर मालगाड़ी को मौके पर ही खड़ा करवाया।
बाद में इस गलती को लेकर पॉइंट्स मैन और पावर प्लांट कर्मचारियों में आपस में जोरदार बहस हो गई। मामला बढ़ने पर मौके पर पहुंचे स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र ने जैसे तैसे दोनों पक्षों को शांत कराया। इस बहस के चलते मालगाड़ी मौके पर करीब 2 घंटे खड़ी रही।
इसके बाद पॉइंट सेट कर मालगाड़ी को मोतीपुरा स्टेशन पर पहुंचाया गया।
सतर्कता से टला हादसा
पॉइंट्स मैन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। अगर पॉइंट्स मैन को खुला पॉइंट देखने में थोड़ी और देर हो जाती तो मालगाड़ी निश्चित रूप से पटरी से उतर जाती। मामले का पता चलते ही मालगाड़ी खुले पॉइंट से चंद कदम की दूरी पर ही रुकी।
उल्लेखनीय एक की फैक्ट्री के अंदर की रेल लाइन का रखरखाव प्लांट कर्मचारियों द्वारा ही किया जाता है। मालगाड़ी के रेलवे सीमा में आने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पॉइंट है। इसके चलते रेलवे द्वारा भी इस पॉइंट की निगरानी की जाती है।
Sangod, Kota | Aug 2, 2026