भवानीपुर मोड़ पर दर्दनाक हादसा: हाइवा की चपेट में आने से शिक्षक की मौ@त, पांच घंटे सड़क जाम
देव। औरंगाबाद जिले के देव नगर पंचायत क्षेत्र स्थित भवानीपुर मोड़ के समीप शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार निजी विद्यालय के शिक्षक अशोक सिंह (50 वर्ष) की हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक देव ब्लॉक निवासी प्रमोद सिंह के पुत्र थे। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि अशोक सिंह रोज की तरह शनिवार सुबह साइकिल से निजी विद्यालय में पढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान भवानीपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हाइवा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शव सड़क पर रखकर पांच घंटे तक प्रदर्शन
शिक्षक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। लोगों ने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की। प्रदर्शन के दौरान थाना मोड़, बहुआरा मोड़ और देव ब्लॉक मोड़ पर सड़क जाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेज धूप के बावजूद लोग सड़क पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों के लिए सड़क पर ही टेंट लगाया गया।
जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर संभाली स्थिति
मामले की सूचना पर देव नगर पंचायत अध्यक्ष पिंटू कुमार शाहिल, उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता, पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह, एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, समाजसेवी आलोक सिंह, मुखिया प्रतिनिधि बबुआ विशाल सिंह, पैक्स अध्यक्ष भवानीपुर मेघराज सिंह, पैक्स अध्यक्ष देव राजेंद्र साव, पूर्व मुखिया बनूआ जितेंद्र चंद्रवंशी, मुखिया प्रतिनिधि भवानीपुर बाला प्रजापति, समाजसेवी सुनील कुमार सिंह, चंदन सिंह उर्फ चूड़ा सिंह, बलवंत सिंह, रत्नाकर सिंह, योगेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रिंस सिंह, राकेश कुमार सिंह और रवि सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल सहायता और सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।
सीओ ने दिया 20 हजार रुपये का चेक
काफी देर तक चले गतिरोध के बाद एमएलसी दिलीप कुमार सिंह और पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने प्रशासन एवं प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत कराकर मामले को शांत कराने की पहल की। इसके बाद प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के तौर पर सीओ द्वारा पीड़ित परिवार के सदस्य को 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के अंदर सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और धीरे-धीरे यातायात बहाल हो गया।
हादसे के बाद इलाके में शोक
अशोक सिंह की मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, शिक्षक की मौत को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश है। लोगों ने भवानीपुर मोड़ समेत दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, भारी वाहनों की गति पर निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
पुलिस ने हादसे में शामिल हाइवा को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
#BharatCrimeLiveNews #deonagarpanchayt #NewsUpdate #AurangabadNews #NewsFeed #AurangabadPolice #AurangabadBihar #BreakingNews #BiharNews #deo