डेहरी EO विमल हत्याकांड - 60 से ज्यादा EOs का पटना में गोला रोड पर हंगामा, शव के साथ मुख्यमंत्री आवास जाने पर अड़े।
बिहार के राजधानी पटना के दानापुर से बड़ी खबर आ रही है। डेहरी ऑन सोन के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के विरोध में 60 से ज्यादा नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी दानापुर के गोला रोड पर बारिश में ही सड़क पर बैठ गए हैं।
सभी EOs की 4 सूत्री मांग है, जिसमें मुख्य रूप से सुरक्षा और मुआवजा की मांग है। EOs का कहना है कि वे आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं और जब तक मांगे नहीं मानी जातीं, हड़ताल जारी रहेगी।
ये सभी अधिकारी शव को एंबुलेंस में रखकर मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गोला रोड पर रोक दिया। मौके पर नगर विकास विभाग के सचिव अनिमेष परासर और पटना नगर निगम के कमिश्नर यशपाल मीणा पहुंचे और अधिकारियों को मनाने में जुटे हैं।
सचिव अनिमेष परासर ने आश्वासन दिया है कि आज शाम 6 बजे विभाग में इस मुद्दे पर बैठक होगी, जिसमें सुरक्षा और मुआवजे पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन प्रदर्शनकारी EOs सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं, उनका कहना है - जब तक लिखित आश्वासन नहीं, तब तक सड़क नहीं छोड़ेंगे। शव अभी भी एंबुलेंस में सड़क पर ही रखा है।