नगर निगम द्वारा की गई शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
============================================================
नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय के निर्देशानुसार आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के तहत छोटी बाजार, पावर हाउस, दुर्गा चौक, छोटा तालाब के पास तथा तिलक शाला क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों को बाधित कर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध जप्ती की कार्रवाई की गई, जिन्होंने सड़क पर विज्ञापन स्टैंड एवं बोर्ड रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर अतिक्रमण कर रखा था। नगर निगम अमले ने संबंधित सामग्री जब्त करते हुए दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
इस दौरान मुनादी एवं उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) के माध्यम से व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने के लिए जागरूक किया गया तथा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
इसके अलावा सिवनी रोड ओवरब्रिज के नीचे संचालित फल एवं फ्रूट मार्केट को सड़क से हटाकर व्यवस्थित किया गया। फल विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर व्यवसाय संचालित करने तथा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Jun 3, 2026