श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रोहतास के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आगामी श्रावणी मेले में गुप्ताधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर चेनारी प्रखंड स्थित दुर्गावती जलाशय परियोजना परिसर में वन विभाग के गेस्ट हाउस में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में डीएफओ, एडीएम, उप विकास आयुक्त, एसडीएम, एसडीपीओ, सिविल सर्जन, डीपीआरओ समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मेले का शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।