देवास। सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर आंख बंद कर भरोसा करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक बड़ा मामला देवास में सामने आया है। इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग बालिका को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और लाखों रुपये व आभूषण हड़पने वाले आरोपी को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी की सहयोगी महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन निवासी एक महिला ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती के माध्यम से उसके बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर कर दी गई है। बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि खाते में मात्र 19 रुपये शेष बचे हैं और लाखों रुपये आशीष डामोर नामक युवक के खाते में भेजे गए हैं।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी पहचान दिसंबर 2024 में इंस्टाग्राम पर आशीष डामोर से हुई थी। आरोपी ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद रुपये दोगुना करने का लालच देकर दादा-दादी के बैंक खातों से करीब 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए और बाद में संपर्क समाप्त कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी से प्राप्त संपत्ति का कुछ हिस्सा उसने अपनी बहन को भी दिया था। पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking