आयड़ नदी में लगातार बह रहा पानी, पालीवाल ने कहा- जांच में शुद्ध मिला, रोकें बर्बादी
उदयपुर शहर की आयड़ नदी में लंबे समय से हो रहे पानी के रिसाव को लेकर पूर्व झील विकास प्राधिकरण सदस्य तेज शंकर पालीवाल ने नगर निगम से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने महापौर पारस सिंघवी को पत्र भेजकर नदी पेटे में बह रहे पानी की बर्बादी रोकने का आग्रह किया है। पालीवाल के मुताबिक, सुभाष नगर से अशोक नगर श्मशान की ओर जाने वाले हिस्से में नदी पेटे के अंदर पड़ी सीवर लाइन के छठे मेनहोल के पास पिछले कई वर्षों से पानी का रिसाव हो रहा है। उनका कहना है कि यह पानी सीवरयुक्त नहीं है, बल्कि साफ पानी है।
उन्होंने दावा किया कि पानी की प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच कराई गई थी, जिसमें पानी को शुद्ध बताया गया। पालीवाल के अनुसार, यह पानी लगातार आयड़ नदी में बह रहा है और आगे प्रदूषित पानी में मिलकर व्यर्थ हो रहा है। पालीवाल ने कहा कि उदयपुर में इस वर्ष पेयजल की समस्या के बीच रोजाना बड़ी मात्रा में साफ पानी का इस तरह बहना चिंता का विषय है। उन्होंने नगर निगम से रिसाव के स्रोत की जांच करवाकर इसे तत्काल रोकने की मांग की है। उन्होंने महापौर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने और की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें लिखित रूप से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना को भी भेजी गई है। पालीवाल ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि पानी की जांच रिपोर्ट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
Girwa, Udaipur | Sep 30, 2026