कलेक्ट्री के बाहर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, SIR के खिलाफ गरजे कार्यकर्ता; बैरिकेड पर चढ़कर लगाए नारे
SIR को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उदयपुर जिला कलेक्ट्री के बाहर उग्र तेवरों के साथ देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्री के बाहर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। देशभर में कांग्रेस की ओर से SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए। कलेक्ट्री की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड के पास काफी देर तक नारेबाजी और विरोध चलता रहा।
विरोध के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और वहीं से जोरदार नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना आक्रोश जताया तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। कांग्रेस देशभर में SIR को लेकर पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठा रही है। पार्टी की ओर से CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी लगातार की जा रही है। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR से संबंधित प्रक्रिया और निर्णयों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उदयपुर कलेक्ट्री के बाहर बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता, गूंजते नारे और बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने प्रदर्शन को खासा जोरदार बना दिया।
Girwa, Udaipur | Sep 30, 2026