102 एंबुलेंस में महिला ईएमटी ने कराया सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
बस्ती। जिले के साल्टउवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पर्श शिवराज में 102 एंबुलेंस सेवा की तत्परता और महिला ईएमटी की सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव एंबुलेंस में ही कराया गया। इस दौरान जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पर्श शिवराज निवासी सोनी (28 वर्ष), पत्नी बुधराज को घर पर अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों ने तत्काल 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस यूपी-32 एफजी 0497 पर तैनात ईएमटी रीता और पायलट ज्ञानेश्वर सिंह बिना देरी किए मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि घर पर प्रसव में सहायता करने के लिए कोई महिला मौजूद नहीं थी, जिससे वे काफी घबराए हुए थे। ऐसे में महिला ईएमटी रीता ने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए गर्भवती को एंबुलेंस में शिफ्ट किया और अस्पताल के लिए रवाना हुईं।
रास्ते में महिला की स्थिति गंभीर होने पर ईएमटी ने कंट्रोल रूम में मौजूद ईआरसीपी डॉ. रस्तोगी से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह ली। डॉक्टर के मार्गदर्शन और उपलब्ध दवाओं व मेडिकल उपकरणों की मदद से ईएमटी रीता ने अकेले ही एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया।
इसके बाद जच्चा और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर में सुरक्षित भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
प्रसूता के पति बुधराज ने 102 एंबुलेंस सेवा और महिला ईएमटी रीता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और सेवा भावना के कारण आज मां और बच्चे दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने सरकारी एंबुलेंस सेवा का आभार व्यक्त करते हुए इसे आम जनता के लिए बेहद भरोसेमंद और जीवनरक्षक बताया।