#बाल_बाल_बचा_पैर..
भरतपुर। संभागीय आयुक्त कार्यालय के मुख्य द्वार पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति का पैर आवारा पशुओं को रोकने के लिए लगे लोहे के जाल में घुटने तक फंस गया। गंगापुर निवासी बदन सिंह अपनी जमीन से जुड़े विवाद के सिलसिले में कोर्ट में पेशी पर आया था, तभी प्रवेश करते समय उसका पैर जाल में फंस गया। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पैर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलने पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया खुद मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर मशीन संचालक को बुलाया गया और बेहद सावधानी से लोहे की सरिया काटकर बदन सिंह के पैर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान बदन सिंह के घुटने बुरी तरह छिल गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इस हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पानी पिलाकर और छाता लगाकर पीड़ित की मदद की और ढांढस बंधाया।