रस्म पगड़ी में पूर्व विधायक और पूर्व राज्यमंत्री में तीखी बहस।
रस्म पगड़ी में भिड़े दो पूर्व जनप्रतिनिधि, तीखी बहस का वीडियो चर्चा में
लक्सर के हुसैनपुर गांव में आयोजित रस्म पगड़ी कार्यक्रम उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वहां पहुंचे लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता और पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद के बीच तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह सैनी समाज को कथित तौर पर गाली देने वाली एक वायरल वीडियो को लेकर थी। आरोप है कि वायरल वीडियो में पूर्व विधायक की पत्नी के भाई द्वारा सैनी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसी मामले को लेकर दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला तीखी बहस तक पहुंच गया।
पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने आरोप लगाया है कि बहस के दौरान पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने उनका हाथ मरोड़ा और उन्हें देख लेने की धमकी दी। आनंद का कहना है कि उनके साथ किया गया व्यवहार बेहद अशोभनीय है और उन्हें पूर्व विधायक से खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके ऊपर कभी भी हमला किया या करवाया जा सकता है।
रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि वह इस मामले को लेकर बीजेपी कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। इसके साथ ही एसएसपी से मिलकर तहरीर देने और कानूनी कार्रवाई की मांग करने की बात भी कही है। उन्होंने अपने लिए सुरक्षा की मांग करने की भी बात कही।