कोटा: खाली मकान में रद्दी और गत्तों के ढेर में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू
कोटा। शहर के रंगबाड़ी योजना स्थित विधायक कॉलोनी में शनिवार रात एक खाली मकान में अचानक आग लग गई। मकान के अंदर बड़ी मात्रा में रखी रद्दी और गत्तों ने आग को तेजी से फैलने का मौका दिया। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि पावर हाउस के सामने स्थित खाली मकान में काफी मात्रा में रद्दी और गत्ता रखा हुआ था। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
Ladpura, Kota | Nov 14, 2026