जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 12 जून 2026
मोहर्रम पर दिखेगी गंगा-जमुनी तहजीब: पुरानी बस्ती थाने में पीस कमेटी की बैठक, सीओ बोले- भाईचारे से मनाएं त्योहार
धर्मगुरुओं व ताजियादारों से सौहार्द की अपील, पुलिस-प्रशासन ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आगामी मोहर्रम त्योहार को सकुशल व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को थाना पुरानी बस्ती परिसर में पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित हुई। क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती भी मौजूद रहे। भाईचारा बस्ती की पहचान':सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, शांति सुरक्षा समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों तथा मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों से आपसी सौहार्द व भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा- *"बस्ती की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे प्रदेश में मिसाल है। मोहर्रम का त्योहार हम सब मिलकर एकता और शांति के साथ मनाएंगे।" गोष्ठी में पुलिस अधिकारियों ने शासन से प्राप्त आदेश-निर्देशों से सभी को अवगत कराया। बताया गया कि जुलूस के रूट, ताजिया रखने के स्थान व ऊंचाई पूर्व निर्धारित रहेगी। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:सीओ सदर ने भरोसा दिलाया कि त्योहार पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स व सीसीटीवी से निगरानी होगी। धर्मगुरुओं व मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों ने भी पुलिस-प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि मोहर्रम का त्योहार शांति, एकता और भाईचारे का पैगाम देता है।
संवाददाता: हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jun 12, 2026